प्रिंस ऑफ राजस्थान टूर्नामेंट में नितेश सोनी बने सीनियर वर्ग के विजेता
ताकत, अनुशासन और जुनून का संगम बना प्रिंस ऑफ राजस्थान टूर्नामेंट
बीकानेर, 16 जुलाई । ओझा सत्संग भवन में रविवार को आयोजित प्रिंस ऑफ राजस्थान बेंच प्रेस टूर्नामेंट 2025 में जबरदस्त जोश और जुनून देखने को मिला। पूरे राजस्थान से आए 180 से अधिक प्रतिभागियों ने अपने दमखम और फिटनेस का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। टूर्नामेंट के आयोजनकर्ता सुशील कांत व्यास रहे, जिनकी अगुवाई में यह स्पर्धा शानदार ढंग से सम्पन्न हुई।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद खीवराज गुर्जर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता का संचालन ऑफिशियल टेक्निकल अशिष जामेन की देखरेख में सुचारू रूप से किया गया।
टूर्नामेंट में चार श्रेणियों में मुकाबले हुए, जिनमें सब जूनियर, जूनियर, मास्टर और सीनियर कैटेगरी शामिल थीं। सब जूनियर वर्ग में देव जयपाल, जूनियर वर्ग में रामचंद्र जाट, मास्टर वर्ग में योगेश सैनी और सीनियर वर्ग में नितेश सोनी ने अपना वर्चस्व स्थापित करते हुए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी अपने नाम की। सीनियर कैटेगरी के विजेता नितेश सोनी को ₹11,000 नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि अन्य विजेताओं को ₹5100-5100 की नकद राशि दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक मंडल की ओर से आशीष ओझा, सत्यनारायण व्यास और सुनील व्यास ने सभी सहयोगियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही वरिष्ठ बॉडीबिल्डर सत्यनारायण व्यास को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्षों तक युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित किया है।
टूर्नामेंट ने न केवल बीकानेर को राज्यस्तरीय फिटनेस मैप पर मजबूत किया, बल्कि युवाओं को पॉजिटिव और अनुशासित जीवन शैली की दिशा में एक प्रेरणा भी दी।
Nitesh Soni became the winner of the senior category in the Prince of Rajasthan tournament
Soni became the winner of Prince of Rajasthan Bench Press Tournament
