रेल फाटक ऐप से राहत, जॉब पोर्टल से अवसर और ट्रेड एक्सपो से व्यापार का विस्तार
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने तकनीक और व्यापारिक आयोजनों से खोला नया अध्याय
बीकानेर, 16 सितम्बर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को रविन्द्र रंगमंच पर आयोजित भव्य समारोह में मंडल ने जॉब पोर्टल लॉन्च किया, जिसके माध्यम से नियोक्ता और नौकरी चाहने वालों को साझा मंच मिलेगा। साथ ही 18 से 21 दिसम्बर को पॉलिटेक्नीक कॉलेज में होने वाले बीकानेर ट्रेड एक्सपो की भी घोषणा की गई, जिसमें शॉपिंग, फन, फूड, एंटरटेनमेंट और बी टू बी–बी टू सी स्टॉल शामिल होंगे।
शहरवासियों को कोटगेट और सांखला फाटक के बंद रहने की समस्या से आंशिक राहत देने के लिए रेलवे क्रॉसिंग मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया। राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि तकनीक से आमजन को सुविधा और युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। विधायक जेठानंद व्यास ने इसे युवाओं के भविष्य की राह बताते हुए सराहा, वहीं संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा और पुलिस महानिरीक्षक हेमंत शर्मा ने जॉब पोर्टल को लाभकारी पहल कहा।
इस तकनीकी प्लेटफॉर्म का निर्माण बीकानेर की आईटी फर्म नीओलॉजिक्स टेक्नोलॉजीज ने किया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक राजीव माथुर ने बताया कि आमजन की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही इसमें एआई तकनीक जोड़ी जाएगी। इससे रेलवे क्रॉसिंग समय का विश्लेषण आधारित पूर्वानुमान मिल सकेगा, नौकरी तलाशने वालों के लिए अतिरिक्त फीचर्स जोड़े जाएंगे और व्यापार संवर्द्धन के लिए बड़े स्तर पर पहुंच बनाई जा सकेगी।
मंडल अध्यक्ष जुगल राठी और सचिव संजय जैन सांड ने बताया कि यह सभी प्रयास बीकानेर के व्यापार और युवाओं के हित में हैं।
व्यापार मंडल के पदाधिकारी प्रेमरतन जोशी ने कहा कि नई टीम पूरे जोश और उत्साह के साथ व्यापारियों की वर्षों से रुकी हुई आवाज़ को संगठित कर हर समस्या पर काम करेगी। साथ ही वह नए ट्रेंड और प्रैक्टिस को ध्यान में रखते हुए न केवल बीकानेर के व्यापार को बढ़ावा देगी बल्कि जनसरोकारों के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएगी।
इस अवसर पर विजय बाफना, दर्शन जैन सांड, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, श्याम पंचारिया, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व महापौर नारायण चौपड़ा, दीपक पारीक, बसंत नौलखा, पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, विमला डुकवाल, राजीव माथुर, जीतेन्द्र कोचर, जयचंद सेठिया, सुरेन्द्र डागा, अनिल चांडक, नमन नाहटा, मालचंद बैगानी, वीणा सौपा, बालचंद थीराणी, श्रीराम सिंघी, ओमप्रकाश करनाणी, रघुवीर झंवर, पुखराज दुग्गड़, नवरतन बोथरा, राम अरोड़ा, इंद्रचंद मालु, सुरेश गुप्ता, रतन सोमाणी, सुनील सारडा, रोहित पटवा, सुरेश पेडिवाल, भतमाल पेडिवाल, राजु मेहरा, कुलदीप रंगा सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा और रविन्द्र हर्ष ने किया।