जाम से निजात की सौगात, रेल फाटक ऐप हुआ लॉन्च
कोटगेट-सांखला फाटक की स्थिति जानें लाइव, मोबाइल ऐप से होगा समाधान
बीकानेर, 9 सितंबर । बीकानेर में कोटगेट और सांखला रेल फाटक की समस्या से राहत दिलाने के लिए अब मोबाइल ऐप की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से इन दोनों रेल फाटकों की सही और लाइव जानकारी जनता को उपलब्ध होगी। बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल की इस पहल को आज सम्भागीय आयुक्त विश्राम मीणा, पुलिस महानिरीक्षक हेमन्त शर्मा, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि और पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर की उपस्थिति में पोस्टर विमोचन के साथ लॉन्च किया गया। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध होगा और इसके जरिए लोग फाटक बंद या खुलने की जानकारी देखकर अपना आवागमन तय कर सकेंगे।
अध्यक्ष जुगल राठी ने बताया कि कोटगेट और सांखला फाटक की वजह से सालों से जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनता और कारोबारियों दोनों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इस ऐप के जरिए लोग ट्रैफिक जाम से बचते हुए अपने समय का बेहतर उपयोग कर पाएंगे। रेलवे के डीआरएम गौरव गोयल ने भी इस नवाचार को तकनीकी दृष्टि से उपयोगी बताया और इसे भारत में रेल फाटकों के लिए पहली बार अपनाई गई पहल कहा।
इस अवसर पर सचिव संजय जैन सांड ने जानकारी दी कि इसी दिन व्यापार उद्योग मण्डल की वेबसाइट और जॉब पोर्टल भी लॉन्च होंगे, जिनसे रोजगार खोजने वालों और उद्योग जगत दोनों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही व्यापार जगत को बढ़ावा देने के लिए “बीकानेर ट्रेड एक्सपो” की घोषणा भी की गई।
पोस्टर विमोचन के दौरान व्यापार उद्योग मण्डल के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। यह पहल न केवल रेल फाटकों पर आवागमन आसान बनाएगी बल्कि बीकानेर की जनता को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत भी दिलाएगी।