अगस्त में धार्मिक पर्वों की त्रिवेणी: लक्ष्मीनाथ मंदिर में भीड़, सुरक्षा और सजावट के होंगे खास इंतजाम

बीकानेर, 29 जुलाई \ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक हृदय स्थल श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में आगामी अगस्त माह में तीन महत्वपूर्ण धार्मिक उत्सव—बड़ी तीज, ऊभछठ और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी—धूमधाम से मनाए जाने की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। इन आयोजनों की सुचारू रूप से व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति के शिष्टमंडल ने समिति सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त अपर्णा गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी से भेंट कर आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा प्रबंधों की मांग की।


कथा वाचक शिवदयाल ओमप्रकाश व्यास ने जानकारी दी कि बड़ी तीज 12 अगस्त, ऊभछठ 14 अगस्त और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 15 अगस्त 2025 को मनाई जाएगी। इन अवसरों पर मंदिर प्रांगण में हजारों श्रद्धालु एकत्र होते हैं, जिससे व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासनिक सहयोग अत्यंत आवश्यक हो जाता है। समिति ने विशेष रूप से जन्माष्टमी की रात्रि को आयोजित होने वाली भक्ति संध्या के लिए टेंट, माइक, लाइट डेकोरेशन सहित सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की मांग रखी।


शिष्टमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि ऊभछठ के अवसर पर रियासत काल से चली आ रही परंपरा के अनुसार मंदिर में रात्रि 7:30 बजे से चंद्रोदय तक केवल महिलाओं को प्रवेश की अनुमति होती है, जबकि पुरुषों का प्रवेश वर्जित रहता है। ऐसे में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था हेतु विशेष पुलिस बल की तैनाती जरूरी बताई गई।

अधिकारियों ने मंदिर समिति को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस शिष्टमंडल में शिवप्रकाश सोनी, हनुमंत आसोपा, कैलाश छींपा, हेमंत शर्मा, मुकेश जोशी और अनिल सोनी भी शामिल थे। बीकानेर की परंपराओं और संस्कृति से जुड़े इन पर्वों की गरिमा बनाए रखने हेतु प्रशासन और समाज का यह समन्वय शहर की धार्मिक विरासत को और अधिक सशक्त बनाता है।

Preparation for festivals in Lakshminath